खटीमा में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाईजेसीबी से हटाए गए सड़क किनारे अतिक्रमण, मेडिकल स्टोरों की जांच, बिजली बकाया वसूला गया

खटीमा में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाईजेसीबी से हटाए गए सड़क किनारे अतिक्रमण, मेडिकल स्टोरों की जांच, बिजली बकाया वसूला गया

स्थान- खटीमा उधम सिंह नगर उत्तराखंड
रिपोर्टर- अशोक सरकार

उप जिला अधिकारी खटीमा तुषार सैनी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को खटीमा कोतवाली के सामने जीआईसी रोड से इस्लामनगर गोटिया मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे बने सभी अवैध अतिक्रमण हटाए गए।

एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि इससे पूर्व भी इस क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 10 सीएससी सेंटर चिह्नित किए गए थे, जो जांच के दौरान शटर बंद कर फरार हो गए थे। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही थी, जिसे देखते हुए यह कार्रवाई की गई है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।

अभियान के दौरान ड्रग्स विभाग ने भी मेडिकल स्टोरों की जांच की। ड्रग्स इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी और एसपी के निर्देशों के क्रम में मेडिकल स्टोरों में दवाइयों, फार्मासिस्ट की मौजूदगी और अन्य कमियों की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

वहीं बिजली विभाग की टीम ने भी मौके पर बकायेदारों से बिजली बिलों का भुगतान कराया। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अव्यवस्था फैलाने वालों में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने सड़क से अतिक्रमण हटने पर राहत की सांस ली।