हरिद्वार में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर थाने में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

हरिद्वार में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर थाने में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अंतरधार्मिक विवाह से जुड़ा मामला थाने तक पहुंचा। जानकारी के अनुसार, हिंदू युवक से विवाह कर चुकी युवती अपने वकील के साथ थाने पहुंची, जिसके बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी थाने के बाहर जमा हो गए।

थाने के भीतर और बाहर तनाव की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने युवती को बाहर ले जाने की कोशिश की, जिसके चलते युवती के साथ मौजूद लोगों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। हालात कुछ देर के लिए बेकाबू हो गए, लेकिन पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।

थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि युवती की गुमशुदगी पहले दर्ज थी। युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से हिंदू युवक के साथ जाना चाहती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने युवती और युवक को प्रोटेक्शन में उत्तराखंड बॉर्डर तक रवाना किया।

पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।