

ब्यूरो रिपोर्ट

स्थान – देहरादून


15 दिसंबर 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में वीरगति को प्राप्त डोईवाला के लच्छीवाला निवासी अमर शहीद लांस नायक स्वर्गीय गोवर्धन अधिकारी को उनके शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद की वीरता और देश के प्रति उनके बलिदान को याद किया गया।




अमर शहीद गोवर्धन अधिकारी को उनकी अद्वितीय वीरता के लिए मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। शहादत दिवस के अवसर पर शहीद की पत्नी मंजू अधिकारी, पुष्कर सिंह अधिकारी और सुरेश अधिकारी ने जीवन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जरूरतमंदों की सेवा के लिए 25 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।




कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी सहित प्रकाश कोठारी, सुरेश सैनी, राजेश गुरुंग और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शहीद गोवर्धन अधिकारी के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया और युवाओं से देश सेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।




