

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


खानपुर क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव निवासी संदीप शर्मा के 13 वर्षीय बेटे अंशुमन और 12 वर्षीय बेटी मीठू खनन सामग्री से भरे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। घटना गोवर्धनपुर कस्बे में उस समय हुई जब दोनों बच्चे बैटरी चालित स्कूटी से स्कूल जा रहे थे।




ट्रक ने दोनों बच्चों को कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को मुजफ्फरनगर के अस्पताल में भर्ती कराया।


घटना के बाद ग्रामीणों ने घंटों तक हंगामा किया और खानपुर-लक्सर हाईवे पर स्कूल समय के दौरान भी खनन सामग्री से लदे वाहन तेज गति से दौड़ने पर चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और सड़क सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है।




गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि ट्रक मालिक को बुला लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हाईवे पर वाहन सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने की चेतावनी भी दी।


