

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के मामले राजधानी देहरादून में सामने आने के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में कलेक्टरेट में मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई।




बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कई घोषणाओं पर कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं प्राथमिकता वाले कार्य हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




डीएम सविन बंसल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लंबित घोषणाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है, उनमें तत्काल सुधार किया जाए और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।



जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारकर आम जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाना बताया गया।


