लक्सर क्षेत्र में घने कोहरे की दस्तक, जनजीवन और खेती प्रभावितदृश्यता घटने से सड़कों पर रेंगते रहे वाहन, स्कूली बच्चे सबसे अधिक परेशान

लक्सर क्षेत्र में घने कोहरे की दस्तक, जनजीवन और खेती प्रभावितदृश्यता घटने से सड़कों पर रेंगते रहे वाहन, स्कूली बच्चे सबसे अधिक परेशान

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर और आसपास के देहाती क्षेत्रों में मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। मंगलवार रात से ही क्षेत्र में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। इसके चलते सड़कों पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आए। मोटे और गर्म ऊनी कपड़े पहनने के बावजूद बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते दिखाई दिए।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 से 10 बजे के बाद कोहरा कुछ हद तक छंटा, लेकिन तेज धूप के दर्शन दोपहर 12 बजे के बाद ही हो सके। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हुआ है।

किसान राजवीर चौधरी, अश्विनी तंवर और साहब सिंह ने बताया कि इस समय गन्ने की छिलाई और गेहूं की बुवाई का काम जोरों पर है, लेकिन घने कोहरे के कारण खेतों में समय पर काम शुरू नहीं हो पा रहा है। कोहरे की वजह से काम के घंटे कम हो रहे हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका है।

कुल मिलाकर लक्सर क्षेत्र में बढ़ते कोहरे और ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और आने वाले दिनों में इसके असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।