

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्ट : धर्मराज


हरिद्वार से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी में 23 वर्षीय नवविवाहिता अंजली शर्मा की फंदे से लटककर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।



पोस्टमार्टम के बाद जब मृतका के मायके पक्ष के लोग उत्तर प्रदेश के संभल जिले से हरिद्वार पहुंचे, तो उन्होंने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया। इसके बाद मायके वालों ने जोरदार हंगामा भी किया।



पुलिस ने मृतका के माता–पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।



जानकारी के अनुसार, अंजली शर्मा की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है, जबकि मृतका के परिवार का रो–रोकर बुरा हाल है।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



