

स्थान :बाराकोट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट



चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बाराकोट ब्लॉक स्थित चुयरानी ग्राम सभा के धरगड़ा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गुलदार ने शौच के लिए गए जल संस्थान कर्मी देव सिंह अधिकारी (पुत्र कल्याण सिंह अधिकारी) पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।



स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतक घर से थोड़ी दूरी पर थे जब अचानक गुलदार ने उन पर हमला किया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर पाते ही भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की।


जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को ही गुलदार उनकी पत्नी पर हमला करने की कोशिश कर चुका था। देव सिंह अधिकारी के दो छोटे बेटे (9 और 10 वर्ष) हैं। यह जिले में गुलदार के हमले की एक महीने के भीतर दूसरी घटना है।




सूचना मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, डीएफओ चंपावत, एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार, रेंजर राजेश जोशी और दरोगा प्रकाश गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

डीएम चंपावत ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम ओखलंज के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कर किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार रामेश्वर घाट में संपन्न हुआ।

वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरे, ट्रैप कैमरे और ड्रोन कैमरों की मदद से गुलदार को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार ने लोगों से सावधानी बरतने और अकेले इधर-उधर न जाने की अपील की।



स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

देव सिंह अधिकारी जल संस्थान में पीटीसी पद पर कार्यरत थे और परिवार का भरण-पोषण मजदूरी से भी करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी उषा देवी बेसुध पड़ी हैं।


