काशीपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान

काशीपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान

स्थान – काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा, जनसंपर्क और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

काशीपुर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर की जाएगी।

मनोज पाल के अनुसार अभियान के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची राज्य सरकार द्वारा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाएगी। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों से संपर्क कर उन्हें अभियान से जोड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाओं के साथ परिवारों से आशीर्वाद लिया जाएगा।

अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। भाजपा के अनुसार यह दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों के प्रति आभार और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का प्रतीक होगा।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ और ‘नमो सेवा गाथा’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम लोगों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही राष्ट्रव्यापी स्तर पर ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता सेवा और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करेंगे।

प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री सुशील शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रशांत पंडित, जिला उपाध्यक्ष सौरभ आहूजा बंसल, सृष्टि आहूजा बंसल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।