धामी और मोदी के जन्मदिन पर महिला मोर्चा चलाएगा सेवा अभियान

धामी और मोदी के जन्मदिन पर महिला मोर्चा चलाएगा सेवा अभियान

लोकेशन : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर प्रदेशभर में सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने इन कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी।

रुचि भट्ट ने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर महिला मोर्चा की ओर से सभी जिलों में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत अनाथ आश्रमों और बच्चों के बीच फल वितरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ना है। महिला मोर्चा की जिला इकाइयों को इस संबंध में आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके बाद 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर संगठन के आह्वान के अनुसार विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों और मंडलों में लाभार्थियों के घरों पर शाम 6 बजे दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न सामाजिक और जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन के निर्देशों के अनुसार संचालित किया जाएगा।

सेवा पखवाड़े के तहत ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगी और वहां बच्चों तथा लाभार्थियों के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने और उनके कार्यों की सराहना करने की भी योजना बनाई गई है।

रुचि भट्ट ने बताया कि लाभार्थियों के साथ संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए जाएंगे और उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। महिला मोर्चा का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है।