हक-हकूक जन जागरण अभियान को गांव-गांव पहुंचाने की रणनीति तैयार

हक-हकूक जन जागरण अभियान को गांव-गांव पहुंचाने की रणनीति तैयार

लोकेशन : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

हक-हकूक जन जागरण अभियान की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान से जुड़े कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान आम जनता को उनके हक-हकूक और क्षेत्र से जुड़े मूलभूत जनमुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं को भी सुना जाएगा।

अभियान के प्रमुख मुद्दों में भूमि और आवास का अधिकार, वन एवं पर्यावरण से जुड़े अधिकार, किसानों की समस्याएं, कृषि भूमि की सुरक्षा, सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जाएगा।

बैठक में रोजगार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, सड़क एवं परिवहन व्यवस्था, बिजली, श्रमिकों के अधिकार और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अभियान के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि राजनीतिक नेताओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से भी संपर्क किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक संगठनों और लोगों को जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ जोड़कर व्यापक एकजुटता तैयार की जाए।

बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दलों के सामने क्षेत्र की जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल करने की मांग उठाने का भी निर्णय लिया गया। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि चुनावी घोषणाओं में जनता की वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

अभियान के संयोजक जगतार सिंह बाजवा और संरक्षक सुरजीत अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता को उनके अधिकारों और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर एकजुट करने का प्रयास है।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुरजीत अग्निहोत्री, शेर सिंह, सरदार बेअंत सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, सरदार सब्बा सिंह, पूरन सिंह, रिजवान अहमद, करन सिंह, सुनील पाठक, दीनदयाल सिंह, दीपक शर्मा, सार्थक भट्ट, आकाश बिष्ट, दीपक पांडे, राजकिशोर सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।