स्कूल सील होने से 300 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

स्कूल सील होने से 300 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

स्थान – काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

काशीपुर शहर में एक स्कूल को प्रशासन द्वारा सील किए जाने के बाद करीब 300 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। परीक्षाओं से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय पार्षद और कांग्रेस नेता शाह आलम स्कूली बच्चों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान बच्चों के हाथों में “शिक्षा हमारा अधिकार है” लिखी तख्तियां नजर आईं। बच्चों और अभिभावकों ने स्कूल को जल्द खुलवाने की मांग की, ताकि उनकी पढ़ाई और आगामी परीक्षाएं प्रभावित न हों।

पार्षद शाह आलम ने आरोप लगाया कि स्कूल के नवीनीकरण से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया और प्रशासन ने 9 तारीख को ही स्कूल को सील कर दिया। उन्होंने कार्रवाई को जल्दबाजी में उठाया गया कदम बताया।

शाह आलम का कहना है कि स्कूल बंद होने से सैकड़ों बच्चों के सामने पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के समय स्कूल बंद होने से बच्चों की तैयारी पर सीधा असर पड़ रहा है।

अधिकारियों की ओर से संस्थान को मदरसा बताए जाने के मुद्दे पर भी पार्षद ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म, टाई और बेल्ट में पहुंचे बच्चों को देखकर स्पष्ट है कि यहां सामान्य स्कूल की तरह पढ़ाई कराई जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जांच कर जल्द समाधान निकाला जाए। साथ ही बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए स्कूल संचालन के लिए वैकल्पिक या तत्काल व्यवस्था की जाए।

एसडीएम से मुलाकात के बाद मामले को खंड शिक्षा अधिकारी के पास भेज दिया गया है। अब शिक्षा विभाग स्तर पर दस्तावेजों और स्कूल संचालन से संबंधित स्थिति की जांच किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल स्कूल सील होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है और अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। वहीं पार्षद शाह आलम ने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार को देखते हुए प्रशासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए।