
स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

माननीय न्यायालय से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील को लेकर नैनीताल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बनभूलपुरा थाना पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामील के लिए संबंधित थाना पुलिस टीमों को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।



एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों वारंटियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटियों में मंगल सिंह पुत्र ओम प्रकाश, निवासी वार्ड नंबर 14 जवाहर नगर, नैनीताल शामिल है। वह विशेष सत्र परीक्षण संख्या 23/2025 और मुकदमा अपराध संख्या 50/2025 से संबंधित मामले में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक मंगल सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
दूसरा वारंटी जीशान खान पुत्र सलीम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी रजा मस्जिद के पास दरऊ, किच्छा, ऊधम सिंह नगर है। वह विशेष सत्र परीक्षण संख्या 8/20 के तहत गैंगस्टर अधिनियम की धारा 2/3 से संबंधित मामले में वांछित था।


दोनों वारंटियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम में अपर उपनिरीक्षक हेमन्त प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल इंदर सिंह और कांस्टेबल मोहम्मद अतहर शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

