फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, कार से एयरगन और नीली बत्ती बरामद

फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, कार से एयरगन और नीली बत्ती बरामद

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान कथित रूप से फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की कार पर लाल-नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन से फर्जी आईबी पहचान पत्र, दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और वाहनों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 सितंबर को हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

पुलिस के अनुसार तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को रोका गया। वाहन पर लाल-नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगा देखकर पुलिस ने चालक से पूछताछ शुरू की।

चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक पहचान पत्र दिखाया और अपना नाम मोहासिब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने जब उसकी नियुक्ति, पद और विभाग से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। पुलिस का दावा है कि कार के डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन साथ रखता था और उसके पास मौजूद आईबी पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज फर्जी हैं। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि आरोपी स्वयं को सरकारी अधिकारी के रूप में प्रस्तुत करने के लिए इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था।

मामले में थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर युवक को गिरफ्तार किया गया है। कार को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फर्जी पहचान, सरकारी पद का दुरुपयोग या सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।