

स्थान – विकासनगर

रिपोर्टर- इलम सिंह चौहान


डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए परिवहन विभाग अब अपनी अधिकांश सेवाओं को तेजी से ऑनलाइन प्रणाली में परिवर्तित कर रहा है। वाहन पंजीकरण, ट्रांसफर, टैक्स जमा, प्रदूषण जांच और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी कई सुविधाएँ अब डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हैं।



लेकिन विकासनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन स्वामी और लाइसेंस धारक हैं, जिनके मोबाइल नंबर परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में अपडेट नहीं हैं। इसका सीधा असर महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त करने और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने पर पड़ रहा है।



इसी समस्या के समाधान के लिए संभागीय परिवहन विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। आरटीओ कार्यालय, वाहन शोरूम, प्रदूषण जांच केंद्र, फिटनेस सेंटर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर QR कोड आधारित निर्देश पट्ट लगाए गए हैं।

इन QR कोड को स्कैन कर वाहन स्वामी और लाइसेंस धारक आसानी से अपने मोबाइल नंबर को विभागीय रिकॉर्ड में अपडेट कर सकते हैं, जिससे उन्हें विभिन्न सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से मिल सकेगा।

विकासनगर एआरटीओ मनीष तिवारी ने बताया कि मोबाइल नंबर अपडेट होने से

- चालान से जुड़ी सूचनाएं,
- वाहन से संबंधित अनिवार्य सूचना,
- पॉल्यूशन, बीमा और फिटनेस रिमाइंडर,
- और ऑनलाइन प्रक्रिया की पूरी जानकारी
तुरंत प्राप्त हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल सेवाओं को और अधिक सरल, सुविधाजनक और सुलभ बनाएगी।


