हनी पाठक ने उत्तराखंड में पीएम मोदी की योजनाओं और विकास का किया ब्योरा

हनी पाठक ने उत्तराखंड में पीएम मोदी की योजनाओं और विकास का किया ब्योरा

रिपोर्ट : दीपक नौटियाल
sthan : उत्तरकाशी

उत्तराखंड भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कलेक्ट्रेट स्थित लोक निर्माण विभाग की गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं का ब्योरा दिया।

हनी पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड न सिर्फ धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन रहा है, बल्कि आधुनिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर राज्य में काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि बाबा केदार की नगरी श्री केदारनाथ का पुनर्निर्माण आधुनिक तकनीक और पारंपरिक स्वरूप दोनों को ध्यान में रखकर किया गया है। बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के तहत सड़क, पार्किंग, आवासीय सुविधाओं और तीर्थ यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चार धाम यात्रा मार्गों का व्यापक कायाकल्प हो रहा है, जिससे यात्रा और सुरक्षित, सुविधाजनक तथा पर्यावरण रूप से टिकाऊ बने।

हनी पाठक ने कहा कि ऋषिकेश-कर्ण प्रयाग रेल लाइन परियोजना उत्तराखंड की लाइफलाइन बन रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दुर्गम पहाड़ी इलाकों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में सुधार हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं, जबकि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाखों परिवारों को निशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने बताया कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा नई ऊंचाइयों को छू रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उत्तराखंड पर भी स्पष्ट दिखाई देता है। डबल इंजन सरकार के सहयोग से प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है।

हनी पाठक ने कहा कि राज्य में यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बनने के साथ-साथ धर्मांतरण कानून, दंगा रोधी कानून और अवैध धार्मिक अतिक्रमणों पर कार्रवाई जैसे कदम उठाए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उच्च अधिकारियों और प्रभावशाली व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं और उपलब्धियां उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं और विकसित, आत्मनिर्भर तथा समृद्ध राज्य की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “विकसित भारत 2047” का सपना उत्तराखंड में धरातल पर उतर रहा है।