बाजपुर में तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मारी, 7 घायल

बाजपुर में तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मारी, 7 घायल

स्थान : बाजपुर/उधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अकरम चौधरी

स्टेट हाईवे पर ग्राम नमूना के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण सवारी से भरा टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक समेत सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सरकारी और निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया।

घायलों में रेहटा निवासी गर्भवती महिला, भोना कालोनी निवासी सुरेश चंद्र, भट्टपुरी निवासी निशा, छोटे लाल, हजीरा निवासी निहाल सिंह और टेंपो चालक बरहैनी निवासी विपिन शामिल हैं। सरकारी अस्पताल में भर्ती पांच घायलों को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, टेंपो बरहैनी से सवारियां लेकर बाजपुर आ रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में टेंपो भी भारी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।