

लोकेशन : ऋषिकेश
संवाददाता : सागर रस्तोगी


ऋषिकेश नगर निगम ने शहर के आठ प्रस्तावित वेंडिंग जोन में से तीन वेंडिंग जोन को अस्तित्व में लाने की कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम ने सर्वे के बाद योग नगरी रेलवे स्टेशन, सीमा डेंटल कॉलेज और स्टेडिया फैक्ट्री के पास ठेली और रेहड़ी लगाने वाले वेंडर्स का सत्यापन शुरू कर दिया है।



नगर निगम ने इस सत्यापन की जिम्मेदारी हायर की गई एजेंसी को दी है, जो सप्ताह भर के भीतर वेंडर्स की रिपोर्ट और संख्या नगर निगम कार्यालय को सौंपेगी। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि योग नगरी रेलवे स्टेशन, सीमा डेंटल और स्टेडिया फैक्ट्री के पास 200 से 250 वेंडर्स को स्थाई रोजगार के लिए ई-कार्ट दिए जाएंगे।



सत्यापन प्रक्रिया में एजेंसी के कर्मचारी वेंडर्स से सीधे मिलकर उनके रोजगार संबंधी जानकारी जुटाएंगे। इसमें यह देखा जाएगा कि कौन सा वेंडर कितने समय से किस कार्य को कर रहा है और नगर निगम द्वारा काटी गई रसीदों का विवरण भी लिया जाएगा। इसके अलावा वेंडर्स से अन्य आवश्यक जानकारियां भी हासिल की जाएंगी।




नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि एजेंसी को समय सीमा में यह कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, ताकि नगर निगम वेंडिंग जोन में स्थाई रोजगार और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित कर सके।



