

लोकेशन.. बाजपुर/ उधमसिंह नगर
रिपोर्ट.. अकरम चौधरी


बाजपुर की चीनी मिल इस पिराई सत्र में सुचारू रूप से न चल पाने के कारण किसानों और प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। लगातार बारह घंटे से अधिक समय तक मिल बंद रहने के कारण पिछले चार दिनों से गन्ना लेकर खड़े किसानों का धैर्य टूट गया।



किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के नेताओं के नेतृत्व में चीनी मिल के जनरल मैनेजर और मिल का प्रबंधन संभाल रही उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा का घेराव करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों ने बताया कि पिराई सत्र के शुरू होने के बाद मिल लगातार नहीं चल पा रही है और उनकी ट्रालियाँ तीन-चार दिनों तक मिल के गेट पर खड़ी होने के बावजूद खाली नहीं हो पा रही हैं।


इस दौरान किसान नेता विजेंद्र डोगरा और अजीत प्रताप रंधावा ने मिल में लगातार आ रही खराबियों पर चीफ इंजीनियर अभिषिक कुमार को कड़ी फटकार लगाई। वार्ता के दौरान चीफ इंजीनियर बार-बार मिल बंद होने का संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे।



जनरल मैनेजर ने इस दौरान आश्वासन दिया कि जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था कर मिल को सुचारू रूप से चलाया जाएगा। वार्ता में भारी संख्या में किसानों के साथ कुलवीर सिंह, सरताज ओलख, जसवीर सिंह और रामकृष्ण शर्मा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।


किसानों का कहना है कि मिल की समय पर संचालन और गन्ने की पिराई सुनिश्चित न होने पर उनकी आर्थिक हानि हो रही है, इसलिए जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।





