

रिपोर्टर : शहजाद अली
स्थान : हरिद्वार


बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है। हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को सीधे कठघरे में खड़ा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।



त्रिवेंद्र रावत का कहना है कि देश में बढ़ती घुसपैठ की सबसे बड़ी वजह कांग्रेस की वोटबैंक राजनीति है। उनके अनुसार, कांग्रेस ने वर्षों तक बांग्लादेशी नागरिकों को न केवल पनाह दी, बल्कि उन्हें राजनीतिक लाभ के लिए मजबूत आधार भी प्रदान किया।


सांसद ने कहा कि ऐसी नीति ने देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर किया और घुसपैठ को संगठित रूप से बढ़ावा मिला। रावत का आरोप है कि कांग्रेस की लापरवाह नीतियों के चलते अवैध घुसपैठियों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई, जिसका दुष्परिणाम आज देश भुगत रहा है।


त्रिवेंद्र रावत ने दावा किया कि अब केंद्र की भाजपा सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता और कठोरता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी अवैध घुसपैठियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए सरकार निर्णायक कदम उठा रही है और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक स्तर पर प्रतिक्रियाओं का दौर तेज होने की संभावना है।




