

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने शुक्रवार शाम सीमावर्ती पंचेश्वर क्षेत्र का दौरा कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं और स्थानीय जनसमस्याओं की विस्तृत समीक्षा की। कमिश्नर रावत के पहले आगमन पर स्थानीय लोगों और प्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया।



दौरे के दौरान जिला पंचायत सदस्य रायकोट कुंवर श्रीमती अनीता प्रथोली ने कमिश्नर को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से सड़क, पेयजल, स्थानीय पुल की आवश्यकता, मेडिकल सुविधाओं की कमी तथा अन्य जनसमस्याओं को शामिल किया गया। कमिश्नर ने लोगों को आश्वासन दिया कि इन मुद्दों के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।



कमिश्नर रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में विकास से जुड़े कार्यों को तेजी से लागू किया जाए और पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) का भी दौरा किया, जहां जवानों से मुलाकात कर उनके कार्य, चुनौतियों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने जवानों के मनोबल, सुविधाओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और समाधान हेतु दिशा-निर्देश दिए।



इस दौरान कमिश्नर ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। उन्होंने पंचेश्वर एंगलिंग बीट का दौरा कर मत्स्य विभाग चंपावत और महासीर मत्स्य संरक्षण समिति खायकोट मल्ला द्वारा किए जा रहे गेम फिश महासीर संरक्षण कार्यों की जानकारी प्राप्त की।


कमिश्नर ने पंचेश्वर एंगलिंग साइट पर एंगलिंग मीट के माध्यम से एंगलर्स की संख्या बढ़ाने और महासीर मत्स्य प्रजाति के संरक्षण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को इस साइट के विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए भी निर्देशित किया।



इस दौरे से स्पष्ट हुआ कि कमिश्नर दीपक रावत क्षेत्र के सतत विकास, पर्यटन संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रहे हैं और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय हैं।



