अयोध्या में ध्वजारोहण को योगी आदित्यनाथ ने बताया—नए युग की शुरुआत

अयोध्या में ध्वजारोहण को योगी आदित्यनाथ ने बताया—नए युग की शुरुआत

अयोध्या में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बना भव्य राम मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, सम्मान और आत्मगौरव का प्रतीक है।

कर्मयोगियों और संतों को किया नमन

योगी आदित्यनाथ ने मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले सभी कर्मयोगियों, संतों, योद्धाओं और रामभक्तों को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन सभी की अखंड तपस्या और संघर्ष को समर्पित है, जिन्होंने इस आंदोलन में अपना जीवन लगा दिया।

अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने “सियावर रामचंद्र की जय”, “माता जानकी की जय”, “सरयू मैया की जय”, “भारत माता की जय” और “हर हर महादेव” के उद्घोष से की।

धर्म का प्रकाश अमर है—योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि ध्वजारोहण इस सत्य का प्रतीक है कि धर्म का प्रकाश कभी समाप्त नहीं होता और रामराज्य के मूल्य आज भी अमर हैं।
उन्होंने बताया कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब नेतृत्व संभाला, तब भारतवासियों में जो उम्मीद का सूर्य उगा था, आज वही तपस्या और सदियों की प्रतीक्षा भव्य राम मंदिर के रूप में सामने है।

योगी ने कहा कि राममंदिर पर फहराता ध्वज, धर्म, न्याय, मर्यादा और राष्ट्रधर्म का प्रतीक है। यह विकसित भारत की संकल्पना को भी दर्शाता है।

500 वर्षों का संघर्ष—आस्था नहीं झुकी

योगी जी ने कहा कि साम्राज्य बदले, पीढ़ियां बदलीं, लेकिन भारत की आस्था कभी नहीं डगमगाई।
उन्होंने कहा—जब संघर्ष तेज हुआ और जिम्मेदारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हाथों में आई, तब हर रामभक्त के मुख से एक ही उद्घोष गूंजता था—
“रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे… लाठी-गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे।”

अयोध्या बन रही उत्सवों की वैश्विक राजधानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय अयोध्या बदहाली की शिकार थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में यह उत्सवों की वैश्विक राजधानी बन चुकी है।
यहाँ हर दिन पर्व जैसा माहौल है, और हर दिशा में रामराज्य की पुनर्स्थापना की अनुभूति हो रही है।

विकसित भारत की तस्वीर—जनकल्याण की योजनाएँ

योगी ने कहा कि पिछले 11 साल भारत के बदलाव के साल रहे हैं।
आज—

  • 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है,
  • 50 करोड़ लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा,
  • हर जरूरतमंद को मकान,
  • और हर वर्ग को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

अयोध्या—आस्था, आधुनिकता और अर्थव्यवस्था का संगम

उन्होंने कहा कि रामलला की नगरी अब आस्था, आधुनिकता और अर्थव्यवस्था के नए युग में प्रवेश कर चुकी है।
बेहतर सड़क कनेक्टिविटी,
धर्मपथ, रामपथ, भक्ति पथ,
पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग—
सभी श्रद्धालुओं को नई सुविधाएँ दे रहे हैं।

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने अयोध्या की वैश्विक कनेक्टिविटी को मजबूत किया है।

अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है।

कार्यक्रम में प्रमुख संत और गणमान्य उपस्थित

ध्वजारोहण कार्यक्रम का संचालन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपतराय ने किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी सहित कई संत और पदाधिकारी मौजूद रहे।