

स्थान: लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर आखिरकार चंपावत जिले के लोहाघाट ब्लॉक के सीमांत रोसाल क्षेत्र में चार वर्षों से अटकी रेट्रो पंपिंग पेयजल योजना का कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों ने इसे बड़ी राहत बताते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया है।




चार साल से लटका था काम, ग्रामीण कर रहे थे संघर्ष
स्थानीय किसान नेता मोहन चंद्र पांडे व ग्रामीणों ने बताया कि जल संस्थान से कई बार योजना निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार किसी न किसी विभागीय अड़चन के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। हाल ही में वन विभाग की आपत्ति के कारण परियोजना फिर अटक गई थी।
ग्रामीणों ने बीते वर्षों में कई बार प्रदर्शन भी किए, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी।

जन मिलन कार्यक्रम में उठी आवाज, डीएम ने तुरंत लिया संज्ञान
मामले को जिलाधिकारी मनीष कुमार के जन मिलन कार्यक्रम में प्रमुखता से रखा गया, जिसे डीएम ने गंभीरता से लेते हुए वन विभाग को तत्काल आपत्ति निस्तारित करने के निर्देश दिए। वन विभाग की आपत्ति हटते ही जल संस्थान ने योजना का काम शुरू कर दिया है।




कई ग्राम सभाओं और स्कूलों को मिलेगा लाभ
इस पंपिंग योजना से क्षेत्र की कई ग्राम सभाओं और विद्यालयों को पेयजल उपलब्ध होगा। सबसे बड़ा लाभ रोड विहीन ग्राम लोजनी को मिलेगा। गांव में सड़क न होने के कारण टैंकरों से पानी पहुंचाना भी संभव नहीं था, और ग्रामीण एकमात्र नोले के सहारे खुद और मवेशियों का पानी जुटाते थे।
गर्मियों में यहां भीषण जल संकट हो जाता है और ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ता था।
ग्रामीणों ने डीएम का जताया आभार
योजना कार्य शुरू होने पर किसान नेता मोहन चंद्र पांडे ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से जिलाधिकारी चंपावत का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा—

“डीएम साहब ने हमारी वर्षों पुरानी, गंभीर समस्या का समाधान कर दिया है।”




