देहरादून गुरुद्वारा रेसकोर्स में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर विशेष कार्यक्रम, सीएम धामी ने किया नमन

देहरादून गुरुद्वारा रेसकोर्स में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर विशेष कार्यक्रम, सीएम धामी ने किया नमन

देहरादून के गुरुद्वारा रेसकोर्स में बुधवार को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें बलिदान दिवस पर श्रद्धा, सम्मान और भक्ति के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय त्याग, शौर्य और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने धर्म, मानवता, संस्कृति और देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर संपूर्ण विश्व को यह संदेश दिया कि अत्याचार के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुजी का बलिदान आज भी सभी को सत्य, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गुरु तेग बहादुर साहिब जी की वीरता और बलिदान को नई पीढ़ियों तक पहुँचाने के लिए की जा रही पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने साहिबजादों के बलिदान दिवस को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया, गुरु ग्रंथ साहिब की स्वरूपों को अफगानिस्तान से सुरक्षित वापस लाने, 1984 के दोषियों को सजा दिलाने, अमृतसर–कोलकाता कॉरिडोर और लंगर सेवा के लिए FCRA मुक्त व्यवस्था जैसे कदम सिख समाज के सम्मान और उत्थान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में सिख समाज से संबंधित विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा को सुगम बनाने के लिए गोविंद घाट–हेमकुंड रोपवे निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया है। साथ ही राज्य की अल्पसंख्यक शिक्षा लाभ योजनाओं में सिख समाज को सम्मिलित कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया गया है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और गुरु तेग बहादुर साहिब जी के अतुलनीय बलिदान को नमन कर श्रद्धा अर्पित की।