


हरिद्वार के भेल क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे नाले में एक गुलदार को छिपा हुआ देखा गया। राहगीरों ने मोबाइल से इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो कुछ ही देर में वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे।



जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल वही स्थान है जहां रोजाना सैकड़ों लोग पैदल आवाजाही करते हैं। मंगलवार रात करीब 9 बजे गुजर रहे लोगों को अचानक नाले में गुलदार की चमकती आंखें और मूवमेंट दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने उसे कैमरे में कैद कर लिया।

रिहायशी इलाकों में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की आवाजाही से स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं। कुछ दिन पहले हाथियों की आमद ने लोगों में भय पैदा किया था, वहीं अब गुलदार की मौजूदगी ने खतरे को और बढ़ा दिया है।



इस बीच वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चेतावनी बोर्ड, गश्त और निगरानी जैसी व्यवस्थाएं बेहद कमजोर हैं, जिससे जानमाल का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने मांग की है कि वन विभाग तुरंत सक्रिय होकर इलाके में सुरक्षा इंतज़ाम मजबूत करे और गुलदार को सुरक्षित तरीके से पकड़ने या उसके मूवमेंट को मॉनिटर करने की कार्रवाई शुरू करे।

फिलहाल विभाग की टीमें इलाके में जांच कर रही हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।




