आज देवपूजा के लिए बंद होंगे श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट, 2:56 बजे शुभ मुहूर्त में सम्पन्न होगी कपाट–मंगलम प्रक्रिया

आज देवपूजा के लिए बंद होंगे श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट, 2:56 बजे शुभ मुहूर्त में सम्पन्न होगी कपाट–मंगलम प्रक्रिया

लोकेशन,, बदरीनाथ धाम
रिपोर्ट,, संजय कुंवर

भू बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट आज देवपूजा हेतु शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। ठीक दोपहर 2 बजकर 56 मिनट के शुभ मुहूर्त पर कपाट–मंगलम की पवित्र प्रक्रिया संपन्न होगी। बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। कपाट–मंगल के अंतर्गत आज पंच पूजा का अंतिम दिन है।

आज प्रातः 4 बजे से पुष्प श्रृंगार, महाअभिषेक पूजन, बाल भोग और राजभोग की विशेष पूजा शुरू हुई, जो सुबह 9 बजे तक संपन्न होगी। इसके बाद शाम की पूजाएँ आज विशेष रूप से 12:15 बजे से आरंभ होंगी।

ठीक 1 बजे महालक्ष्मी जी का गर्भगृह में प्रवेश कराया जाएगा। इसके बाद 1:40 बजे तक शयन आरती, तथा उद्धव जी, कुबेर जी और गरुड़ जी के गर्भगृह से बहिर्गमन की परंपरागत विधि पूरी की जाएगी। इसके बाद कपाट–निमीलन की विधियाँ आरंभ होंगी।

मुहूर्तानुसार 2 बजकर 56 मिनट पर श्री बदरीनाथ धाम के कपाट देवपूजा हेतु विधिवत बंद किए जाएंगे।
इस अवसर पर मंदिर को 12 कुंतल गेंदे के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। सिंहद्वार की अद्भुत छटा देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।

कपाट–मंगलम समारोह के लिए आज 6,000 से अधिक श्रद्धालुओं के मौजूद रहने की संभावना है।
अब तक इस वर्ष करीब 16 लाख 55 हजार श्रद्धालु पवित्र धाम के दर्शन कर चुके हैं।