

देहरादून। उपनल कर्मचारियों का नियमितीकरण को लेकर राजधानी में आंदोलन लगातार जारी है। परेड ग्राउंड के पास बीते 15 दिनों से सैकड़ों कर्मचारी धरने पर बैठे हैं और सरकार से स्थायीकरण की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कई बार आश्वासन मिल चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे उनकी नाराज़गी बढ़ती जा रही है।




संविदा पर काम कर रहे इन कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों से अनिश्चित भविष्य में नौकरी करने के कारण उनके परिवार आर्थिक और मानसिक दबाव झेल रहे हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



धरना स्थल पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। बावजूद इसके, कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लड़ाई स्थायीकरण होने तक जारी रहेगी।





