

स्थान: विकासनगर
रिपोर्ट: सतपाल धानिया

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। फिल्मी दुनिया और उनके प्रशंसकों के साथ ही उत्तराखंड के सीमावर्ती गांव टिमली के बुजुर्ग प्रशंसक भी इस खबर से सकते में आ गए।




बताया जा रहा है कि साल 1968 में धर्मेंद्र की फिल्म “शिकार” की शूटिंग टिमली के जंगल और आसपास के क्षेत्रों में हुई थी। उस समय गांव के निवासी पहली बार बड़े पर्दे के अभिनेता को देखने के लिए उत्साहित हुए। बुजुर्गों के अनुसार, फिल्म की शूटिंग चिड़ीबेली, फॉरेस्ट गेस्ट हाऊस और हिमालय की तलहटी वाले शिवालिक पहाड़ियों में हुई थी।




टिमली के बुजुर्ग दयाल सिंह, बलवंत सिंह, आलम खां और ज़लील अहमद ने साझा किया कि धर्मेंद्र की फिल्म से गांव का नाम पहली बार टीवी और फिल्मी दुनिया में आया। उनका कहना था कि यदि उस दौर में मोबाइल होते तो उन्होंने धर्मेंद्र के साथ फोटो जरूर ली होती। उन्होंने इस अवसर को हमेशा यादगार बताया और कहा कि धर्मेंद्र की फिल्म “शिकार” उस समय थ्रिलर रोमांचक थीम वाली दूसरी सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई।

बुजुर्गों ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के बाद गांव को पहचान मिली और इसके बाद कई धारावाहिक और गीत भी यहां फिल्माए गए। धर्मेंद्र के निधन के बाद यह यादें उनके लिए फिर से जीवंत हो गई हैं और वे भावुक हो गए।




