चमोली में सहकारिता मेला 2025 का भव्य शुभारंभ, ग्रामीणों को ऋण और योजनाओं की जानकारी

चमोली में सहकारिता मेला 2025 का भव्य शुभारंभ, ग्रामीणों को ऋण और योजनाओं की जानकारी

स्थान -चमोली
रिपोर्ट -संदीप कुमार

अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के तहत जिला प्रशासन, सहकारिता विभाग और चमोली जिला सहकारी बैंक की ओर से आयोजित सहकारिता मेले का सोमवार को पुलिस मैदान गोपेश्वर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ किया गया। मेले का दीप प्रज्वलन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया।

मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश प्रसारित किया गया, जबकि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में सहकारिता के संकल्प को मजबूत करने के लिए मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में आयोजित 6 मेलों के माध्यम से 1 लाख से अधिक लोग सीधे लाभान्वित हो चुके हैं।

सहकारिता मंत्री ने महिलाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व पर खुशी व्यक्त की और कहा कि सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। साथ ही चमोली जिला सहकारी बैंक ने ऋण आवंटन और जमा प्रक्रिया में बेहतर कार्य कर आय में वृद्धि की है। बैंक जल्द ही जनपद में तीन नई शाखाएं भी खोलेगा।

थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लघु और कुटीर उद्योग मजबूत हो रहे हैं। मेले में ग्रामीणों को स्थानीय उत्पादों की विपणन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

मौके पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, और चमोली जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र रावत ने अतिथियों का स्वागत किया।

मेले में 22 विभागों के स्टॉल से योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और 15 स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन व बिक्री की जा रही है। साथ ही चमोली जिला सहकारी बैंक ने मुर्गी पालन, कृषि और दुग्ध व्यवसाय के इच्छुक 19 लाभार्थियों को 21 लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए। इस अवसर पर भारत दर्शन ऋण योजना और मातृशक्ति सशक्तिकरण ऋण योजना का भी शुभारंभ किया गया।