रायवाला में जनरल स्टोर पर छापा, 25 मीटर प्रतिबंधित आर्मी वर्दी का कपड़ा बरामद

रायवाला में जनरल स्टोर पर छापा, 25 मीटर प्रतिबंधित आर्मी वर्दी का कपड़ा बरामद

दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

लोकेशन- रायवाला

संवाददाता – सागर रस्तोगी

रायवाला थाना क्षेत्र के हनुमान चौक स्थित एक जनरल स्टोर से पुलिस ने प्रतिबंधित आर्मी वर्दी का कपड़ा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने छापेमारी में करीब 25 मीटर न्यू कॉम्बैट पैटर्न वर्दी का थान जब्त किया, जिसे आम बाजार में बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मिलिट्री स्टेशन निवासी कर्नल हिमांशु वशिष्ठ ने पुलिस को शिकायत दी कि नेशनल आर्मी एंड जनरल स्टोर नाम की दुकान पर न्यू कॉम्बैट पैटर्न वर्दी का कपड़ा बेचा जा रहा है। दुकान का संचालन बजरंग सिंह राठौड़, निवासी नागौर (राजस्थान) द्वारा किया जाता है। कर्नल ने बताया कि यह विशेष प्रकार की वर्दी का कपड़ा केवल आर्मी कैंटीन में अधिकृत बिक्री के लिए उपलब्ध होता है।

शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान पर छापेमारी कर प्रतिबंधित कपड़ा बरामद किया। पुलिस ने कर्नल की तहरीर पर दुकान संचालक बजरंग सिंह राठौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रायवाला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस कप्तान अजय सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रतिबंधित वस्तु की खरीद-बिक्री करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि सुरक्षा से जुड़े किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।