लच्छीवाला रेंज में हाथी के हमले से घायल व्यक्ति से अधिकारियों ने की मुलाकात

लच्छीवाला रेंज में हाथी के हमले से घायल व्यक्ति से अधिकारियों ने की मुलाकात

लोकेशन – डोईवाला
रिपोर्टर – आशीष यादव

घटनास्थल का किया निरीक्षण, लोगों से सतर्क रहने की अपील

देहरादून। लच्छीवाला रेंज की फतेहपुर वन बीट में सुबह कुत्ते को टहलाने गए व्यक्ति पर हुए हाथी के हमले के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। घायल व्यक्ति के इलाज की जानकारी लेने के लिए वन विभाग के अधिकारी हिमालयन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर बेहतर उपचार का आश्वासन दिया।

अस्पताल में हाल-चाल जानने के बाद अधिकारी सीधे घटनास्थल पहुंचे और पूरे क्षेत्र का मौका मुआयना किया। टीम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर जंगली जानवरों की गतिविधियों को लेकर जागरूक किया और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

लच्छीवाला वन रेंज अधिकारी मेघावी कीर्ति ने बताया कि क्षेत्र में गन्ने की खेती और बांस की अधिकता के चलते हाथियों की आवाजाही पिछले कुछ महीनों में काफी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीमें रात-दिन गश्त पर हैं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

रेंज अधिकारी ने लोगों से अपील की कि हाथी दिखाई देने या उसकी मौजूदगी का संकेत मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और बिना जरूरत जंगली क्षेत्रों की ओर न जाएं। विभाग ने लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।