

रिपोर्टर- रोशन कोटनाला
स्थान- कोटद्वार

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा पदयात्रा और यूनिट मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।




तड़ियाल चौक स्थित के-प्राइड मॉल से शुरू हुई यह पदयात्रा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में उत्साहपूर्ण माहौल के साथ मालवीय उद्यान तक निकाली गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि सरदार पटेल को “आयरन मैन ऑफ इंडिया” का सम्मान उनकी अद्वितीय राष्ट्रनिष्ठा और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण मिला। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण करना सरदार पटेल का ऐतिहासिक योगदान है, जिसने आधुनिक भारत की नींव मजबूत की।




मालवीय उद्यान में आयोजित समापन कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि “आज का मजबूत भारत सरदार पटेल की दूरदर्शिता का परिणाम है।” उन्होंने पदयात्रा को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गर्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला संदेश बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में किए गए ऐतिहासिक योगदान को एक बार फिर पूरे शहर में स्मरणीय बना दिया।




