

स्थान – नैनीताल
रिपोर्ट – ललित जोशी

सरोवर नगरी नैनीताल में प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में लागू किए गए एस्मा एक्ट के खिलाफ बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। गोविंद पंत मूर्ति के समीप कांग्रेसजनों ने नगर अध्यक्ष अनुपम कबरवाल के नेतृत्व में धामी सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया।




नगर अध्यक्ष अनुपम कबरवाल ने कहा कि धामी सरकार “हिटलरशाही” पर उतर आई है और एस्मा एक्ट लागू कर प्रदेश में अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर धरना दे रहे उपनल व अन्य सरकारी संगठनों के कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन जनता का संवैधानिक अधिकार है और कांग्रेस इस अलोकतांत्रिक फैसले के खिलाफ सभी कर्मचारियों के साथ खड़ी है।



प्रदर्शन में पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, सभासद सपना बिष्ट, जीनू पांडे, अंकित चंद्रा, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि, छात्र संघ पदाधिकारी तथा कांग्रेस के कई वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





