डबरा में जंगल से 161 जैलेटिन रॉड बरामद, बम निरोधक दल ने किया निरीक्षण

डबरा में जंगल से 161 जैलेटिन रॉड बरामद, बम निरोधक दल ने किया निरीक्षण

रिपोर्ट- हरीश भण्डारी
स्थान- अल्मोड़ा

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डबरा के पास बच्चों को खेलते समय जंगल में संदिग्ध सामग्री मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा घटना की सूचना थाना सल्ट को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को सील कर दिया।

पुलिस जांच में जंगल से कुल 161 जैलेटिन की रॉड बरामद हुईं। शुक्रवार, 21 नवंबर 2025 को बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए सैंपल एकत्र किए हैं।

इस संबंध में थाना सल्ट में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि ये जैलेटिन रॉड कौन लेकर आया और किस उद्देश्य से यहां छिपाई गई थीं।

पुलिस के अनुसार जैलेटिन रॉड आमतौर पर सड़क निर्माण और पत्थर तोड़ने के कार्यों में उपयोग की जाती हैं।

एसएसपी अल्मोड़ा ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, पुलिस उन्हें सार्वजनिक करेगी।