

भारतीय टेस्ट टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल दूसरे टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। टीम मैनेजमेंट ने उन्हें आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया है। गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, जिसके बाद से उनकी स्थिति ठीक नहीं हो पाई है।




कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में शॉट खेलते समय गिल की गर्दन में गंभीर खिंचाव आया था। जकड़न बढ़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा था। बुधवार को वह टीम के साथ गुवाहाटी रवाना नहीं हुए थे, जहां शनिवार से दूसरा टेस्ट शुरू हो रहा है। गुरुवार को भले ही वह गुवाहाटी पहुंचे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें रिलीज करने का निर्णय लिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से पुष्टि की कि “गिल को टीम से रिलीज कर दिया गया है। वह अपनी रिकवरी पर काम करेंगे।” जानकारी के मुताबिक गिल की गर्दन का दर्द लगातार बना हुआ है और यही कारण है कि अगले महीने होने वाली साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज में उनका खेलना भी संदिग्ध है। बल्लेबाजी कोच सितांशू कोटक ने भी कहा कि टीम नहीं चाहती कि मैच के दौरान गिल को जकड़न की समस्या दोबारा हो।




गिल की अनुपस्थिति में ऋषभ पंत को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पहला मौका होगा जब पंत भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभालेंगे। टीम पहले टेस्ट में हार के साथ 0-1 से पिछड़ चुकी है। ऐसे में भारत के लिए सीरीज बचाने का यह आखिरी मौका है। पंत के नेतृत्व में टीम को किसी भी हाल में दूसरा टेस्ट जीतना होगा, तभी सीरीज ड्रॉ कराई जा सकती है।

टीम इंडिया के सामने चुनौती बड़ी है और कप्तान के बिना यह परीक्षा और कठिन मानी जा रही है। अब सबकी नजरें पंत की पहली टेस्ट कप्तानी और टीम के प्रदर्शन पर टिकी होंगी।




