भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली रासी पहुँची, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली रासी पहुँची, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

रुद्रप्रयाग। पंच केदारों में द्वितीय केदार के रूप में विख्यात भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली बुधवार को अपने द्वितीय रात्रि प्रवास के लिए राकेश्वरी मंदिर, रासी पहुँच गई। डोली के आगमन पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया और पूरी मार्ग यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार को डोली अंतिम रात्रि प्रवास हेतु गिरीया गाँव पहुँचेगी। इसके बाद 21 नवंबर को भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन गद्दी ओकारेश्वर मंदिर (ऊखीमठ) में विधि-विधान से विराजमान होगी।

इस बीच, भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली के कैलाश से ऊखीमठ आगमन पर लगने वाले पारंपरिक मदमहेश्वर मेले की तैयारियाँ भी जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से तैयारियों को भव्य रूप दिया जा रहा है।

विशेष आकर्षण के रूप में शीतकालीन गद्दीस्थल ओकारेश्वर मंदिर को 8 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा परिसर दिव्य और आस्था से परिपूर्ण दिखाई दे रहा है।

श्रद्धालुओं में डोली के आगमन और शीतकालीन प्रतिष्ठा को लेकर भारी उत्साह है।