पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का पौड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत, भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का पौड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत, भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना

रिपोर्ट – भगवान सिंह
स्थान – पौड़ी

आज देर शाम पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के पौड़ी आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा विपक्ष की भूमिका अच्छी निभाती है, जबकि कांग्रेस सत्ता में रहकर जनता के लिए बेहतर काम करती है।”

रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज तक उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं महाराज की विधानसभा की जनता इस उपेक्षा पर सवाल उठा रही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास कोई स्पष्ट वीजन नहीं है और वह हर मोर्चे पर विफल दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि सम्मानजनक नहीं है। रावत ने घोषणा की कि कांग्रेस सरकार बनने पर वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन बढ़ाई जाएगी, तथा असहाय महिलाओं को ₹10,000 मासिक पेंशन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल जुमलेबाजी कर भोली-भाली जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।

अग्निवीर योजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अग्निवीर भर्ती परीक्षा तत्काल होनी चाहिए। साथ ही पौड़ी मंडल मुख्यालय में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब भाजपा सरकार पौड़ी जैसे मुख्यालय में अधिकारियों को तैनात नहीं कर पा रही, तो गैरसैंण में विधानसभा बनाने की बात करना बिल्कुल बेमानी है।

रावत ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही पेंशन योजनाओं को मजबूत बनाया जाएगा और असहाय महिलाओं के लिए ₹10,000 मासिक पेंशन लागू की जाएगी।