


रिपोर्ट – राजू सहगल।
लोकेशन – किच्छा।

उधमसिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का कीमती सामान और नगदी चोरी कर ली। वारदात के समय घर के सभी सदस्य रिश्तेदारी में विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। तीन दिन बाद लौटे परिजनों ने जब घर के भीतर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए।




वार्ड नंबर 2 निवासी बबलू गंगवार अपने परिवार के साथ सोमवार को रिश्तेदारी में गए थे। गुरुवार शाम जब परिवार घर पहुंचा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। चोरों ने अलमारी व लॉकर का ताला तोड़कर करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 55 हजार रुपये की नगदी, एलसीडी टीवी, और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।




सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक चोरी की वारदात के दौरान कैमरे में कैद दिखाई दिए हैं। पुलिस अब उन्हीं संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।


पीड़ित बबलू गंगवार और उनकी पत्नी राजवती देवी ने पुलिस प्रशासन से चोरी का जल्द खुलासा करने और चोरी हुए सामान को बरामद करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस जांच जारी है।




