‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 7 नवंबर से शुरू हुआ विशेष गायन कार्यक्रम, 26 नवंबर को प्रदेश के 24 हजार शिक्षण संस्थानों में होगा भव्य आयोजन

‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 7 नवंबर से शुरू हुआ विशेष गायन कार्यक्रम, 26 नवंबर को प्रदेश के 24 हजार शिक्षण संस्थानों में होगा भव्य आयोजन

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो गई है। भारत सरकार ने 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक इसकी वर्षगांठ को राष्ट्रीय स्तर पर समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 7 नवंबर को विभिन्न प्रदेशों में वंदे मातरम गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी विषय पर जानकारी देते हुए भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि आगामी 26 नवंबर 2025, जो कि संविधान दिवस भी है, भारतीय जनता पार्टी देशभर में बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि बीते 7 नवंबर को उत्तराखंड में भी अनेक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए थे।

दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि 26 नवंबर को प्रदेश के 24,000 शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ स्कूलों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अधिकारीगण भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा तथा संविधान के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगा।