

स्थान… हल्द्वानी
रिपोर्ट… ऋषि कपूर

प्रदेश में उपनल के माध्यम से आउटसोर्स पर तैनात करीब 22,000 कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण (स्थायी भर्ती) की नीति लागू करने की मांग को लेकर उपनल कर्मचारी लगातार विरोध जता रहे हैं।




हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में आज भी उपनल कर्मियों ने अपना धरना जारी रखा, जबकि सरकार ने हड़ताल को देखते हुए नो वर्क–नो पे (काम नहीं तो वेतन नहीं) का आदेश जारी कर दिया है। इतना ही नहीं, प्रदेश सरकार ने अगले छह महीने तक हड़ताल और आंदोलन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश भी लागू कर दिया है।


इसके बावजूद कर्मचारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उपनल महासंघ का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा नियमितीकरण को लेकर की गई घोषणाएं अभी तक ठोस नीति के रूप में सामने नहीं आई हैं। यही कारण है कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है।



कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक समान कार्य–समान वेतन और नियमितीकरण की नीति नहीं बनाई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारी संगठनों ने सरकार से मांग की है कि वह जल्द ठोस समाधान निकाले, ताकि वर्षों से सेवा दे रहे उपनल कर्मियों को स्थिरता और न्याय मिल सके।




