शहर में अवैध वाहन उपकरणों पर शिकंजा, परिवहन विभाग का छापा — 9 दुकानों का निरीक्षण, गैर-अनुमोदित सामग्री जब्त

शहर में अवैध वाहन उपकरणों पर शिकंजा, परिवहन विभाग का छापा — 9 दुकानों का निरीक्षण, गैर-अनुमोदित सामग्री जब्त

स्थान – हरिद्वार
रिपोर्ट – धर्मराज

शहर में अवैध वाहन एसेसरीज़ की बिक्री पर नकेल कसने के लिए परिवहन विभाग ने आज व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। एआरटीओ (ए) निखिल शर्मा, एआरटीओ (ई) नेहा झा, टीटीओ मुकेश भारती और टीटीओ वरुणा सैनी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र में 8–9 दुकानों पर आकस्मिक छापेमारी की।

निरीक्षण के दौरान कई दुकानदार गैर-अनुमोदित और प्रतिबंधित वाहन उपकरण बेचते पाए गए। इनमें प्रमुख रूप से शामिल थे—

  • प्रेशर हॉर्न
  • मल्टी-टोन हूटर
  • ब्लैक फिल्म
  • अनधिकृत LED/स्टोब लाइट
  • फैंसी नंबर प्लेट
  • अन्य नियम-विरुद्ध एक्सेसरीज़

टीम ने मौके पर ही इन सामग्रियों का भौतिक सत्यापन किया और दुकानदारों को ऐसे उपकरण हटाने तथा आगे नियमों का पालन करने के कड़े निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अवैध वाहन उपकरण सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। प्रेशर हॉर्न और हूटर जहाँ ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाते हैं, वहीं ब्लैक फिल्म और अनधिकृत LED लाइट्स वाहन की दृश्यता और पहचान में बाधा डालती हैं। फैंसी नंबर प्लेट से पुलिसिंग और यातायात नियंत्रण में भी दिक्कत होती है।

परिवहन विभाग ने साफ कहा है कि अवैध एक्सेसरीज़ की बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ ही वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि—

  • केवल अनुमोदित और मानक-अनुरूप उपकरणों का ही उपयोग करें
  • सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें

विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियम उल्लंघन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।