भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को बचाने के लिए सक्रिय हुए बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, एयर एंबुलेंस से भेजा हायर सेंटर

भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को बचाने के लिए सक्रिय हुए बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, एयर एंबुलेंस से भेजा हायर सेंटर

स्थान: चमोली, उत्तराखंड

रिपोर्ट: नीरज कंडारी

बद्रीनाथ क्षेत्र से मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत पाव की निवासी रामेश्वरी देवी (पत्नी—अनिल कुमार) पर कल शाम भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पूरे गांव के लोग, वन विभाग की टीम और पोखरी पुलिस प्रशासन पूरी रात से लेकर सुबह तक महिला की खोज में जुटे रहे। अंततः आज सुबह वह जंगल में गंभीर अवस्था में मिलीं।

घायल महिला को ग्रामीणों और टीम की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय भंडारी ने तुरंत बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला से एयर एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए मदद मांगी।

विधायक बुटोला ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चमोली से संपर्क कर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई। इसके बाद महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां आगे का इलाज चल रहा है।

ग्रामीणों ने विधायक की तेजी से की गई पहल की सराहना की है, जिससे घायल महिला को समय पर उन्नत चिकित्सा सुविधा मिल सकी। प्रशासन और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों से एक बड़ी जनहानि टल गई।