


हरिद्वार। जगजीतपुर इलाके में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब तीन जंगली हाथी अचानक बाजार क्षेत्र में घुस आए। खरीददारी कर रहे लोग अचानक हाथियों को अपने बीच देख घबरा गए और शोर मचाकर एक-दूसरे को सावधान करने लगे।




प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोर सुनते ही एक हाथी पलटकर भीड़ की ओर बढ़ा, जिससे अफरातफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और दूरी बनाने की वजह से बड़ी घटना होने से टल गई।



रास्ता न मिलने पर एक हाथी ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद वह दीवार लांघकर पास की कॉलोनी की ओर बढ़ गया। इस दौरान लोग सुरक्षित दूरी बनाकर टॉर्च की रोशनी से हाथियों को दिशा देने की कोशिश करते रहे। वहीं कई लोगों ने पूरी घटना के वीडियो भी बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।





