देहरादून में ट्रैफिक सुधार को लेकर एडीजी ने की समीक्षा बैठक, अतिक्रमण और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश

देहरादून में ट्रैफिक सुधार को लेकर एडीजी ने की समीक्षा बैठक, अतिक्रमण और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश

देहरादून। राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने सोमवार को जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा हालात की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहर के बढ़ते ट्रैफिक दबाव, मैनपावर की कमी और अतिक्रमण जैसी प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

एडीजी ने माना कि ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पर्याप्त मैनपावर की कमी सामने आई है, जिस पर जल्द कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपलब्ध पुलिस बल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिसके लिए एसओ और सीओ स्तर के अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हैं, उन पर तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि सड़कें चौड़ी हों और आवागमन में बाधा न आए।

इसके साथ ही उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग के मामलों पर सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि शहर में सुरक्षित और बेहतर यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके।

बैठक में मौजूद एसएसपी देहरादून ने बताया कि अक्सर शहर में धरने, प्रदर्शन और जुलूसों के कारण भी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिसके लिए अतिरिक्त प्रबंधन की जरूरत पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इस माह ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 1 लाख 70 हजार रुपये के चालान भी जारी किए गए हैं।

एसएसपी ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों को भी जोड़ना जरूरी है ताकि सड़क निर्माण, पार्किंग प्रबंधन और अतिक्रमण हटाने जैसे कार्य समन्वय के साथ हो सकें।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में शहर में ट्रैफिक सुधार को लेकर और भी कदम उठाए जाएंगे।