

भेल सेक्टर-4 के खाली ग्राउंड में आधे घंटे तक रहा उत्पात, वन विभाग की ढीली कार्रवाई पर सवाल

स्थान – हरिद्वार
शहर के रिहायशी इलाकों में एक बार फिर जंगली हाथी के घुस आने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गुरुवार देर रात हाथी भेल सेक्टर-4 स्थित खाली पड़े मैदान में पहुंच गया और करीब आधे घंटे तक इधर-उधर घूमता रहा। अचानक हाथी को सामने देखकर स्थानीय लोग डर के मारे घरों में कैद हो गए।




सड़क किनारे हाथी के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि कुछ युवक हाथी के बेहद नजदीक जाकर वीडियो बनाने लगे, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ गई। लोगों ने ऐसी लापरवाही पर नाराजगी जताई।

हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, लेकिन टीम के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लगातार रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की आमद ने सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग की निगरानी पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।





स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब भी हाथी या अन्य वन्यजीव शहर में प्रवेश करते हैं, विभाग की ओर से समय पर कार्रवाई नहीं होती, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।




