बनभूलपुरा में फर्जी प्रमाणपत्र रैकेट का भंडाफोड़, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की छापेमारी में बड़ा खुलासा

बनभूलपुरा में फर्जी प्रमाणपत्र रैकेट का भंडाफोड़, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की छापेमारी में बड़ा खुलासा

स्थान… हल्द्वानी
रिपोर्ट… ऋषि कपूर

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में गुरुवार देर शाम कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने अचानक छापेमारी कर फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र बनाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया। कार्रवाई उस शिकायत के आधार पर की गई, जो जनता मिलन कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने आयुक्त को सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रईस अहमद नामक व्यक्ति — जो मूल रूप से बरेली का निवासी है — के लिए किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों का उपयोग करते हुए नकली निवास प्रमाणपत्र तैयार करवाया गया।

छापेमारी के दौरान आयुक्त रावत ने बताया कि जांच में अहम खुलासा हुआ है। तहसील में कार्यरत अरायज़ नवीस फैजान मकरानी ने एक व्यक्ति के मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर ओटीपी प्राप्त किया और उसके नाम से दो फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र तैयार कर दिए। इस तरीके से लंबे समय से नकली दस्तावेज तैयार किए जाने की आशंका गहरी हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में वर्षों से फर्जी कागजात और प्रमाणपत्र बनाने का गोरखधंधा चल रहा है। अचानक हुई इस कार्रवाई में कई संदिग्ध दस्तावेज़, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और प्रमाणपत्रों से संबंधित सामग्री बरामद की गई है।

कमिश्नर दीपक रावत ने मौके पर ही संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस ने भी इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है और जिले में दस्तावेज़ सत्यापन को लेकर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।