कुत्ते के काटने से युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय

कुत्ते के काटने से युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय

विधायक कैड़ा के हस्तक्षेप पर गलनी–सिमलिया में रैबीज टीकाकरण अभियान

स्थान – भीमताल/ओखलकांडा
भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा गलनी के सिमलिया निवासी भैरव दत्त पुत्र गंगा दत्त की कुत्ते के काटने के बाद समय पर रैबीज का टीका न लगने से हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने संज्ञान लेते हुए सीएमओ नैनीताल से तत्काल वार्ता कर स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजने के निर्देश दिए।

विधायक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गलनी और सिमलिया पहुंचकर मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों को रैबीज वैक्सीन लगाई। ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए विधायक कैड़ा और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

विधायक राम सिंह कैड़ा ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को घरेलू या आवारा कुत्ता काटता है तो तुरंत रैबीज का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है और समय पर टीकाकरण ही सुरक्षित उपाय है।

उन्होंने यह भी बताया कि खनश्यू बाजार में आवारा पशुओं द्वारा लोगों पर हमले की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर उन्होंने पशुपालन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद टीम ने इन पशुओं को पकड़कर टीके लगाए और कई को गौशाला भिजवाया गया।

विधायक कैड़ा ने दोहराया कि कुत्ते के काटने के बाद रैबीज का टीका लगाना अत्यंत आवश्यक है और जागरूकता ही ऐसी घटनाओं को रोक सकती है।