

स्थान: हल्द्वानी
दिल्ली में आज सायं हुए विस्फोट की घटना के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन), सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी समेत जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।




डीएम रयाल ने अधिकारियों को जनपद की सीमाओं, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।



उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता के साथ चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। जिला प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





