

रिपोर्टर – गोविन्द रावत

स्थान – रामनगर

कार्बेट नगरी रामनगर विधानसभा क्षेत्र के ढिकुली में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांवल्दे जिला पंचायत सदस्य दीप चन्द्र का ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान दीप चन्द्र ने बच्चों को क्रिकेट किट और खेल सामग्री वितरित की।




जिला पंचायत सदस्य ने करीब 50 बच्चों को खेल सामग्री भेंट की और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि “खेल युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। पढ़ाई के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बच्चे न केवल अपना बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं।”


दीप चन्द्र ने कहा कि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से यह प्रयास किया गया है। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी सिखाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रहेंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा बूथ अध्यक्ष मोहन सुयाल ने की और संचालन तारा रावत ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन रावत, ग्राम प्रधान खष्टी देवी, जिला मीडिया संयोजक नीलम आर्या, पूर्व उपाध्यक्ष आनन्द आर्य, नजर मोहम्मद, लवी आर्य और तारा सिंह रावत सहित स्थानीय ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।




