बाजपुर पेपर मिल हादसा: मशीन के पट्टे की चपेट में आने से युवक की मौत, फैली शोक की लहर

बाजपुर पेपर मिल हादसा: मशीन के पट्टे की चपेट में आने से युवक की मौत, फैली शोक की लहर

स्थान – बाजपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

विक्रमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित राज लक्ष्मी पेपर मिल में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान मशीन के पट्टे की चपेट में आने से 22 वर्षीय मजदूर धर्मपाल शर्मा की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार धर्मपाल शर्मा, निवासी ग्राम बारे थाना चिर्रा, कादरचौक जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश), बीते कुछ समय से ग्राम नंदपुर नरकाटोपा, बाजपुर में अपनी बहन लक्ष्मी के घर रहकर पेपर मिल में काम कर रहा था। शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक मशीन का पट्टा फटने से वह उसकी चपेट में आ गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने तुरंत घायल को सरकारी अस्पताल बाजपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। एसआई देवेंद्र सिंह मनराल और अपर उपनिरीक्षक भरत भंडारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बाजपुर कोतवाली के एसएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला मशीन के पट्टे की चपेट में आने से हुई मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

धर्मपाल पांच बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। गांव और फैक्ट्री दोनों जगह शोक की लहर छा गई है।